HAPUR NEWS: रिटायर्ड बीएसएफ अधिकारी की खड़ी गेहूं की फसल जोतकर की बर्बाद, डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार
रिटायर्ड बीएसएफ अधिकारी की खड़ी गेहूं की फसल जोतकर की बर्बाद, डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार
हापुड़ न्यूज संवाददाता
हापुड़। जनपद के ग्राम दस्तोई निवासी एक सेवानिवृत्त बीएसएफ अधिकारी ने दबंगों पर उनकी खड़ी गेहूं की फसल ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।
ग्राम दस्तोई निवासी जितेन्द्र कुमार, जो बीएसएफ में सहायक कमांडेंट पद से सेवानिवृत्त हैं, ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी खसरा संख्या 395, 392 आदि में लगभग साढ़े चार बीघा भूमि है, जिसमें उन्होंने गेहूं की फसल बो रखी थी। आरोप है कि 27 फरवरी 2026 की रात गांव के ही संजीव कुमार, रजनीश कुमार पुत्रगण जगबीर सिंह और रविन्द्र कुमार सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह ने मिलकर या अलग-अलग ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर खड़ी फसल को नष्ट कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि ट्रैक्टर प्रवीण निवासी बदनौली, बलेशर सिंह या सुरेन्द्र निवासी दस्तोई में से किसी का हो सकता है। उन्होंने बताया कि कुल 27 बीघा के चक में सभी के हिस्से बंटे हुए हैं और वह अपने हिस्से की जमीन पर पिता की मृत्यु के बाद से काबिज हैं।
जितेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उक्त लोग बार-बार उनकी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार थाना हापुड़ नगर कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर 2025 को भी जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था, परंतु उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और उनकी फसल के नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
0 Response to "HAPUR NEWS: रिटायर्ड बीएसएफ अधिकारी की खड़ी गेहूं की फसल जोतकर की बर्बाद, डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार"
एक टिप्पणी भेजें