HAPUR NEWS : देशभक्ति के रंग में रंगा O.M.G. स्कूल, मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस*
*देशभक्ति के रंग में रंगा O.M.G. स्कूल, मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस*
मुदफरा स्थित O.M.G. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
हापुड़ न्यूज संवाददाता साहिल अंसारी
हापुड़ । मुदफरा स्थित O.M.G. पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे विद्यालय प्रबंधक डॉ. विपिन पोसवाल एवं मुख्य अतिथि रामकुमार ने संपन्न कराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत हो उठी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य एवं भाषणों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की आज़ादी, संविधान की गरिमा और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विशेष रूप से पवन सर के दिशा–निर्देशन में स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों द्वारा किया गया अनुशासनबद्ध प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
मुख्य अतिथि रामकुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल शैक्षिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नैतिक शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, परिश्रम और देशसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. विपिन पोसवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों को समझने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित कुमार ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें अपने संविधान का सम्मान करते हुए उसके अनुरूप अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रितिका, माही, वंशिका,खुशी, चंचल, तुनिष्का, शिक्षा, सृष्टि एवं आरव सहित अनेक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। वहीं स्काउट-गाइड दल में शिवा, अश्वनी, अतुल, आयुष एवं ध्यान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ का भी सराहनीय योगदान रहा। कार्यकम को सफल बनाने में विद्यालय निदेशक कोमल पोसवाल तथा उप-प्रधानाचार्य प्रेमलता पूनिया, वर्षा, रुकसार, उज़मा, शिवानी लोचव, तानी, पायल, सुबोध एवं अंकुर सहित समस्त शिक्षकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं मिठाई वितरण के साथ किया गया।
0 Response to "HAPUR NEWS : देशभक्ति के रंग में रंगा O.M.G. स्कूल, मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस*"
एक टिप्पणी भेजें