Burahnpur News: बुरहानपुर में आंधी, तूफ़ान और बारिश से नुकसान, अर्चना चिटनिस ने शीघ्र सर्वे करने के दिए निर्देश*
*बुरहानपुर में आंधी, तूफ़ान और बारिश से नुकसान, अर्चना चिटनिस ने शीघ्र सर्वे करने के दिए निर्देश*
हापुड़ न्यूज ब्यूरो इकबाल अंसारी
बुरहानपुर । 27 जनवरी 2026 की सायंकाल बुरहानपुर जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक आई आंधी, तेज़ हवा, तूफ़ान एवं बारिश से किसानों और ग्रामीण जनजीवन को नुक़सान हुआ। इस प्राकृतिक आपदा से फसलें नष्ट हो गईं, कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए तथा घरों की छप्पर, टीन शेड और छतें उड़ गईं। विद्युत पोल और लाइनें गिरने से अनेक गांवों एवं शहर के विभिन्न वार्डों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस (दीदी) ने तत्काल कलेक्टर बुरहानपुर एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र सर्वे दल गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व, कृषि, उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर त्वरित सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक क्षति का आकलन कर पीड़ितों को शीघ्र मुआवज़ा राशि प्रदान की जा सके।
विधायक चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर नगर के अनेक वार्डों में विद्युत पोल, घरों को नुकसान हुआ है तो वही अनेक गांवों में केला एवं अन्य फसलों को नुकसान हुआ हैं। कई पौधे जड़ों से टूट गए हैं, जो ऊपर से हरे दिखाई देते हैं लेकिन वास्तव में मृतप्राय होते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सर्वे दल को विशेष तकनीकी ओरिएंटेशन देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कोई भी किसान सर्वे से वंचित न रहे।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि गिरे हुए पोल व क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत कर बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाए, जिससे बची हुई फसलों को सिंचाई में समस्या न आए और किसानों को दोहरी मार से बचाया जा सके।
विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन और जनप्रतिनिधि किसानों के साथ खड़े हैं। हर प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाना हमारी प्राथमिकता है।
0 Response to "Burahnpur News: बुरहानपुर में आंधी, तूफ़ान और बारिश से नुकसान, अर्चना चिटनिस ने शीघ्र सर्वे करने के दिए निर्देश*"
एक टिप्पणी भेजें