HAPUR NEWS : हापुड़ में सनसनी: पड़ोसी विवाद के बाद घर से गायब मजदूर का पेड़ पर लटका मिला शव
हापुड़ में सनसनी: पड़ोसी विवाद के बाद घर से गायब मजदूर का पेड़ पर लटका मिला शव
परिजनों ने थाने का घेराव कर लगाया हत्या का आरोप एवं पुलिस पर लापरवाही का आरोप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हापुड़ न्यूज संवाददाता अनुज सिंधु
बाबूगढ़ । थाना क्षेत्र के शाहपुर जट्ट गांव के निवासी मजदूर धर्मपाल सिंह (पुत्र लायक राम) का शव गुरुवार सुबह उपेड़ा गांव के आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले पड़ोसियों से मारपीट और धमकी मिलने के बाद धर्मपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम से धर्मपाल लापता थे। उनकी बेटी पायल ने बताया कि पिता का फोन आया था, जिसमें उन्होंने कहा, "मुझे कुछ लोग भाले-डंडों से पीट रहे हैं, मार डालेंगे।" इसके बाद फोन कट गया। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन नहीं मिले। फोन की लोकेशन पहले बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र दिखी, फिर बाबूगढ़ में आई। रात होने पर सुबह का इंतजार किया गया।
सुबह ग्रामीणों ने बाग में शव देखा तो सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। सीओ सिटी वरुण कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पड़ोसी हरजीत सिंह ने कहा, "विवाद के बाद पुलिस से मदद मांगी, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई। समय पर एक्शन होता तो शायद बच जाते।"
परिजन गुस्से में हैं। मृतक की पत्नी अंजू देवी, बेटियां नेहा (शादीशुदा), सिवानी (शादीशुदा), पायल, बबिता तथा बेटे प्रथम और ध्रुव पीछे रह गए हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है—आत्महत्या या हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ होगा।
0 Response to "HAPUR NEWS : हापुड़ में सनसनी: पड़ोसी विवाद के बाद घर से गायब मजदूर का पेड़ पर लटका मिला शव"
एक टिप्पणी भेजें