HAPUR News: फिटनेस जोन जिम में गूंजे भारत माता की जय के नारे, मनाया गया गणतंत्र दिवस
फिटनेस जोन जिम में गूंजे भारत माता की जय के नारे, मनाया गया गणतंत्र दिवस
फिटनेस जोन जिम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
हापुड़ न्यूज संवाददाता साहिल अंसारी
हापुड़। मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में संचालित फिटनेस जोन जिम में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में युवाओं के साथ महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सुबह से ही जिम परिसर को तिरंगे, झंडियों और देशभक्ति प्रतीकों से सजाया गया था, जिससे माहौल बेहद उत्साहपूर्ण नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण के साथ हुई। जिम संचालक बबली गुर्जर ने तिरंगा फहराकर उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ सोच भी जरूरी है, तभी समाज और देश मजबूत बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
ध्वजारोहण के उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा जिम परिसर गूंज उठा। देशभक्ति गीतों के बीच लोगों में जोश और उमंग देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर बबली गुर्जर के अलावा योगेश, अमित, विजय चौधरी, परवीन त्यागी, निशांत शर्मा, कपिल चौधरी, सत्यम, मोनू चौधरी, शावेज, मोहित शर्मा, देव चौधरी, गोलू त्यागी, आशीष, अमन, जाहिद, साहिल, शिद्दु, सुभाष यादव, लवी, प्रमित, शिल्पा, नीलम, साक्षी, आशी सहित बड़ी संख्या में जिम सदस्य मौजूद रहे। महिलाओं और युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासन में रहने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और राष्ट्रप्रेरित कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
0 Response to "HAPUR News: फिटनेस जोन जिम में गूंजे भारत माता की जय के नारे, मनाया गया गणतंत्र दिवस"
एक टिप्पणी भेजें